कोलकाता के पूर्व पार्षद शम्स इकबाल अनिल रंगदारी के आरोप में गिरफ्तार

Ads

कोलकाता के पूर्व पार्षद शम्स इकबाल अनिल रंगदारी के आरोप में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 01:40 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 01:40 PM IST

कोलकाता, 29 जून (भाषा) कोलकाता के पूर्व पार्षद शम्स इकबाल अनिल को एक व्यवसायी से 70 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, वार्ड 134 का प्रतिनिधित्व कर चुके अनिल कोलकाता के पूर्व महापौर फिरहाद हकीम के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। उन्हें मेटियाब्रुज निवासी मोहम्मद शादाब द्वारा गार्डन रीच थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

शिकायत के अनुसार, अनिल और उसके सहयोगियों मोहम्मद फराज तथा फिरोज कुरैशी ने जून 2023 में कथित तौर पर शादाब और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसे 70 लाख रुपये देने के लिए मजबूर किया था।

पुलिस ने रविवार रात अनिल को हिरासत में लिया और लंबी पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘लिखित शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। आरोपों में रंगदारी वसूलना, आपराधिक धमकी देना तथा कानून के तहत अन्य संबंधित अपराध शामिल हैं।’’

तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान अनिल को कोलकाता नगर निगम के प्रभावशाली पार्षदों में गिना जाता था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गिरफ्तारी के साथ विभिन्न आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किए गए कोलकाता नगर निगम के पार्षदों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।

भाषा गोला वैभव

वैभव