चेन्नई, पांच जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जनता का आक्रोश मौजूदा सरकार के पतन का कारण बनेगा।
पत्रकारों से यहां बात करते हुए गहलोत ने इस कथित घोटाले को एक ‘बड़ा मुद्दा’ बताया और कहा कि इससे पूरे देश में आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों और गांवों के लोगों ने वर्षों पहले मंदिर के लिए योगदान दिया था और अब उनकी भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं।
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय के दौरे पर पहुंचे गहलोत ने कहा, ‘‘जब चोरी का मामला सामने आया, तो हर गांव के लोगों की भावनाएं आहत हुईं। लोगों में भारी गुस्सा है। यही बात उन्हें डुबो देगी।’’
उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सत्ता से बाहर होती है, तो इसका मुख्य कारण राम मंदिर में हुई कथित चोरी ही होगी।
गहलोत ने आरोप लगाया कि सोने और चांदी की हेराफेरी बहुत ही सुनियोजित तरीके से और बड़े पैमाने पर की गई।
उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों पर ‘मिलीभगत’ का आरोप लगाया और सवाल किया कि चोरी को क्यों नहीं रोका गया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उन्हें पता था कि चोरी हो रही है… तो उन्होंने इसे क्यों नहीं रोका? क्योंकि वे खुद इसमें शामिल थे। यह एक बहुत बड़ा मुद्दा बन गया है और इससे उन्हें भारी नुकसान होगा।’’
देश के व्यापक राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए गहलोत ने दावा किया कि देश में लोकतंत्र गंभीर खतरे में है। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ की।
उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप