तमिलनाडु के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को थाने से जमानत दी गई, रिहा

Ads

तमिलनाडु के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को थाने से जमानत दी गई, रिहा

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 08:49 PM IST

तंजावुर, चार अगस्त (भाषा) कथित द्विअर्थी अपमानजनक टिप्पणी मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किए गए तमिलनाडु के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को यहां के निकट सेंगीपट्टी में पूछताछ के बाद पुलिस थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पुलिस थाने के बाहर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) कार्यकर्ताओं ने उदयनिधि का गर्मजोशी से स्वागत किया।

सूत्रों ने बताया कि उदयनिधि स्टालिन को चेन्नई स्थित उनके आवास से पूर्वाह्न करीब 11 बजे गिरफ्तारी के बाद यहां से करीब 27 किलोमीटर दूर सेंगीपट्टी थाने लाया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनसे पूछताछ की गई।

सूत्रों के अनुसार, तंजावुर में कावेरी मुद्दे पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें मद्रास उच्च न्यायालय में राज्य सरकार की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुरूप थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया।

उदयनिधि स्टालिन से पूछताछ करीब एक घंटे तक चली और उन्हें गिरफ्तारी के लगभग नौ घंटे बाद रिहा किया गया।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश