ओडिशा में साइबर अपराध गतिविधियों में शामिल होने के चार आरोपी गिरफ्तार

Ads

ओडिशा में साइबर अपराध गतिविधियों में शामिल होने के चार आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - December 21, 2025 / 10:10 PM IST,
    Updated On - December 21, 2025 / 10:10 PM IST

ब्रह्मपुर (ओडिशा), 21 दिसंबर (भाषा) ओडिशा पुलिस ने रविवार को एक सुनियोजित ‘म्यूल’ खाता गिरोह का भंडाफोड़ किया और कथित तौर पर साइबर अपराधियों की सहायता के लिए नकद पैसे देकर दूसरों के नाम पर कई बैंक खाते खोलने वाले चार बिचौलियों को गिरफ्तार किया।

‘म्यूल’ खाता उसे कहते हैं जो धोखाधड़ी वाले धन के लेनदेन के लिए दूसरों के नाम पर खुलवाया जाता है।

आरोपियों की पहचान पबित्रा प्रधान (25), अनिल कुमार पात्रा (24), गगन दलाई (25) और शंकरशना साहू (23) के रूप में हुई है। ये सभी गंजाम जिले के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि प्रधान ने अवैध खाते खोलने में मुख्य एजेंट के रूप में काम किया, जबकि अन्य तीन ने उप-एजेंट के रूप में काम किया।

छत्रपुर के उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) चंदन घडेई ने बताया कि उनके पास से पांच मोबाइल फोन, दो बैंक पासबुक, आधार कार्ड और एक एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है।

पुलिस को संदेह है कि मुख्य आरोपी नयी दिल्ली का रहने वाला था और वह एजेंटों को नियुक्त करके फर्जी खाते खुलवाकर इस गिरोह को चला रहा था।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत