बेंगलुरु में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

बेंगलुरु में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

बेंगलुरु में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
Modified Date: June 9, 2026 / 04:29 pm IST
Published Date: June 9, 2026 4:29 pm IST

बेंगलुरु, नौ जून (भाषा) बेंगलुरु के कुछ हिस्सों में कथित रूप से प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इनकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने 14.94 लाख रुपये बाजार मूल्य का मादक पदार्थ और एक कार जब्त करने का दावा किया है।

उन्होंने बताया कि मुखबिरों के माध्यम से यह जानकारी मिली थी कि मराठाहल्ली, बोम्मनहल्ली, पुलकेशिनगर और भारतीनगर पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में गांजा, एमडीएमए, मेथामफेटामीन और कोडीन कफ सिरप जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेचे जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, इस सूचना के आधार पर, स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए और मुखबिरों द्वारा बताए गए स्थानों पर छापेमारी की गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन अभियानों के दौरान अलग-अलग तारीखों पर कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें अन्य राज्यों के तीन व्यक्ति और एक स्थानीय निवासी शामिल हैं।

उन्होंने कहा, ‘पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कबूल किया कि त्वरित लाभ कमाने के इरादे से, वे राज्य के बाहर और स्थानीय दोनों जगहों के अज्ञात आपूर्तिकर्ताओं से गांजा, एमडीएमए, मेथामफेटामीन और कोडीन कफ सिरप जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों को कम कीमतों पर खरीद रहे थे।’

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने इन पदार्थों को आम जनता और कॉलेज के छात्रों को अधिक कीमत पर बेचा।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने 10.2 किलोग्राम गांजा, 20 ग्राम एमडीएमए, 10.03 ग्राम मेथामफेटामीन, 2.5 किलोग्राम कोडीन कफ सिरप और अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार जब्त की है।

उन्होंने बताया कि जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 7.47 लाख रुपये है जबकि बाजार मूल्य लगभग 14.94 लाख रुपये है।

उन्होंने कहा, “आरोपियों को मादक पदार्थ मुहैया कराने वाले अज्ञात स्थानीय और अंतरराज्यीय आपूर्तिकर्ताओं की पहचान और पता लगाने के प्रयास जारी हैं। इन मामलों में जांच की जा रही है।”

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में