लातेहार/पलामू (झारखंड), पांच अप्रैल (भाषा) झारखंड के लातेहार और पलामू जिलों में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, लातेहार में शनिवार रात करीब आठ बजे बालूमाथ-मुरपा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान डोकनाही टोला निवासी कामेश उरांव और विजेंद्र उरांव के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। हालांकि, आर्थिक सहायता मिलने का आश्वासन दिये जाने के बाद अपराह्न करीब एक बजे जाम हटा लिया गया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पलामू जिले में चैनपुर थाना क्षेत्र और पड़वा में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो अन्य लोगों की मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान अमरेश कुमार विश्वकर्मा (29) और नवल कुमार मिश्रा (55) के रूप में हुई है।
भाषा प्रचेता सुभाष
सुभाष