सिक्किम में भूस्खलन में परिवार के चार सदस्यों की मौत, एक घायल

Ads

सिक्किम में भूस्खलन में परिवार के चार सदस्यों की मौत, एक घायल

  •  
  • Publish Date - September 12, 2025 / 10:15 AM IST,
    Updated On - September 12, 2025 / 10:15 AM IST

गंगटोक, 12 सितंबर (भाषा) सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वे सो रहे थे जब मध्यरात्रि के आसपास ऊपरी रिम्बी क्षेत्र में भूस्खलन से उनका घर ध्वस्त हो गया।

ग्यालशिंग के पुलिस अधीक्षक शेरिंग शेरपा ने कहा कि सिक्किम पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को बचाने की कोशिश की।

एसपी ने बताया कि परिवार के छह सदस्यों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल महिलाओं को ग्यालशिंग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक महिला की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सात वर्षीय लड़का जीवित पाया गया और उसे अस्पताल ले जाया गया।

लगातार बारिश के बावजूद पुलिस और एसएसबी कर्मियों ने स्थानीय समुदाय के सहयोग से त्वरित कार्रवाई की।

शेरपा ने कहा, ‘‘यह एक जोखिम भरा अभियान था, लेकिन हमने लोगों की जान बचाने की पूरी कोशिश की। अभियान अभी जारी है।’’

उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

भाषा

गोला वैभव

वैभव