पलनाडु, 14 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश में पलनाडु जिले के कोनुरु में रविवार को कृष्णा नदी में एक छोटी नाव के पलट जाने से उस पर सवार 10 में से चार लोग डूब गये। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने इस हादसे की जांच के आदेश भी दिए।
सट्टेनपल्ली के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हनुमंत राव ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘दो पुरुष और दो महिलाएं डूब गईं। नाव पर बच्चे भी सवार थे और माना जा रहा है कि उनकी (बच्चों की) उछल-कूद वाली गतिविधियों की वजह से मोटर-रहित नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।’
पुलिस ने बताया कि पीड़ित मछली पकड़ने वाली एक नाव से नदी में गए थे और एक छोटे से द्वीप से लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब नाव किनारे से लगभग 15 मीटर दूर थी और बच्चे एक तरफ इकट्ठा हो गए, जिससे नाव पलट गई।
इस समय सिंगापुर में मौजूद मुख्यमंत्री नायडू ने पलनाडु के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोन पर बात कर स्थिति की समीक्षा की।
नायडू के हवाले से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कोनुरु गांव के पास नाव पलटने की घटना में मारे गए चार लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद देने का निर्देश दिया और राजस्व, पुलिस और सिंचाई विभागों के अधिकारियों से घटना की विस्तृत जांच कराने का आदेश दिया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि नाव में सवार अन्य छह लोग सुरक्षित हैं।
भाषा
शुभम सुरेश
सुरेश