राजस्थान में 92 लाख रुपये मूल्य के 520 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त

Ads

राजस्थान में 92 लाख रुपये मूल्य के 520 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 10:25 PM IST

जयपुर, 14 जून (भाषा) राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ रोधी बल (एएनटीएफ) ने राज्य में छह अलग-अलग अभियानों के दौरान लगभग 92 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त करके छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, उदयपुर और नागौर जिलों में स्थानीय पुलिस के सहयोग से ये कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि अभियानों के दौरान लगभग 520 किलोग्राम चूरा पोस्त , अफीम, स्मैक तथा गांजे के 139 पौधे बरामद किए गए। साथ ही तीन वाहनों को भी जब्त किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सबसे बड़ी बरामदगी भीलवाड़ा में हुई, जहां एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने कोठारी नदी पुल पर एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान वाहन में बनाए गए विशेष गुप्त खानों से 517.07 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, ये गुप्त खाने ट्रक की बॉडी और फर्श के नीचे वेल्डिंग करके बनाए गए थे और इन्हें गैस कटर की मदद से खोलना पड़ा। इस मामले में बाड़मेर जिले के निवासी प्रकाश जाट (31) को गिरफ्तार किया गया है।

करौली जिले में पुलिस ने हिंडौन सिटी के बयाना रोड पर स्थित एक खेत पर छापा मारकर 26.215 किलोग्राम वजन के 139 गांजे के पौधे बरामद किए। भूमि मालिक के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बाड़मेर के चौहटन क्षेत्र में पुलिस ने एक कैफे पर छापा मारकर 1.8 किलोग्राम से अधिक चूरा पोस्त, 75 ग्राम अफीम तथा कथित तौर पर नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े 3,600 रुपये नकद बरामद किए।

कैफे संचालक कालूराम उर्फ खुमाराम बिश्नोई (66) को गिरफ्तार कर लिया गया।

बाड़मेर के धनाऊ क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कपड़ा व्यापारी को गिरफ्तार कर उसकी दुकान से 448 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया।

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसी प्रकार की कार्रवाई उदयपुर और नागौर जिलों में भी की गई।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब