मोइरांग (मणिपुर), सात अप्रैल (भाषा) मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के एक शिविर पर भीड़ के हमला करने के बाद हुई गोलीबारी में कम से कम चार व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रोंगलाओबी से लगभग 200 मीटर दूर स्थित केंद्रीय बल के शिविर पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के धावा बोलने और तोड़फोड़ करने के बाद गोलीबारी हुई।
प्रदर्शनकारियों ने शिविर के अंदर खड़ी कई गाड़ियों में भी आग लगा दी।
पुलिस ने बताया, ‘‘अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने और कहां से चलाई।’’ उन्होंने बताया कि कम से कम चार लोग गोली लगने से घायल हुए हैं।
इससे पहले, बिष्णुपुर में पुलिस के एक बम निरोधक दस्ते ने एक देसी मोर्टार को निष्क्रिय कर दिया। इस बीच, एक बम हमले में दो बच्चों की मौत के मद्देनजर इंफाल घाटी के जिलों में सभी दुकानें, बाजार और शिक्षण संस्थान बंद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने इंफाल पूर्वी जिले के खुराई, वामग्खेई और याइरिपोक तथा इंफाल पश्चिमी जिले के क्वाकेइथेल और थांगमेइबंद इलाकों में टायर जलाये।
बिष्णुपुर जिले के खा पोटसांगबाम और इंफाल से मोइरांग जाने वाली सड़क पर, ज्यादातर महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों की आवाजाही रोकी।
पुलिस ने बताया कि बिष्णुपुर जिले में हुए एक बम हमले में दो बच्चों की मौत हो गई और उनकी मां घायल हो गईं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात करीब एक बजे मोइरांग ट्रोंगलाओबी इलाके में एक घर पर संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा बम फेंके जाने के बाद हुई, जिसमें 5 वर्षीय एक लड़के और एक छह महीने की एक बच्ची की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने हमले को ‘बर्बर कृत्य’ बताया और जनता को आश्वासन दिया कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मकान में बम विस्फोट के समय दोनों बच्चे और उनकी मां अपने शयनकक्ष में सो रहे थे।
स्थानीय लोगों ने आज सुबह विरोध प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी। उन्होंने मोइरांग पुलिस थाने के सामने टायर जलाये और एक अस्थायी पुलिस चौकी ध्वस्त कर दी।
अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप