ट्रक और वैन की टक्कर में चार तीर्थयात्रियों की मौत, कई घायल
ट्रक और वैन की टक्कर में चार तीर्थयात्रियों की मौत, कई घायल
कोप्पल, 27 जून (भाषा) कर्नाटक के कोप्पल जिले में शनिवार तड़के एक ट्रक सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुये सामने से आ रही एक वैन से टकरा गया, जिससे मंत्रालयम जा रहे चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना कुकनूर तालुक के भानापुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के सभी पीड़ित हावेरी जिले के रत्तिहल्ली तालुक के कब्बर गांव के निवासी हैं। यह दुर्घटना उस समय हुई जब वे आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले स्थित मंत्रालयम की तीर्थयात्रा पर जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, ट्रक कथित तौर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार करते हुये सड़क के दूसरी तरफ चला गया जहां सामने से आ रही एक वैन से वह टकरा गया।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान केनचम्मा बालेकाई (35), अमृता कोट्याल (25), रमेश बल्लारी (45) और प्रवीण (23) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में वैन में सवार कई अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों को कोप्पल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि उसने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर कुकनूर थाने में मामला दर्ज किया है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


