कोडाईकनल (तमिलनाडु), 17 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग के एक उड़न दस्ते ने शुक्रवार को यहां सिल्वर कैस्केड के पास एक कार का पीछा कर उसमें सवार चार युवकों को हिरासत में लिया और उनके पास से एक हथियार बरामद किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना उस समय घटी जब उड़न दस्ते के सदस्य हिल स्टेशन के प्रवेश द्वार पर वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे। तेनकासी जिले के मावलूर क्षेत्र से आ रहे पर्यटकों के वाहन को जांच के लिए रोका गया।
जांच के दौरान, अधिकारियों ने वाहन के अंदर एक हथियार देखा। इसके बाद वाहन में सवार चारों व्यक्ति अधिकारियों के साथ सहयोग किए बिना वाहन लेकर फरार हो गए।
उड़न दस्ते ने तुरंत कोडाईकनल पुलिस को इसकी जानकारी दी और वाहन का पीछा किया। उड़न दस्ते ने आगे वाहन को पकड़ लिया तथा हथियार जब्त किया।
कोडाइकनल पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और हथियार को लेकर चारों युवकों से पूछताछ कर रही है। पर्यटकों से हथियार बरामद होने से इस लोकप्रिय हिल स्टेशन में सनसनी फैल गई है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
अविनाश