नाहन (हिप्र), 15 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा स्थित तिरुपति लाइफ साइंस फैक्टरी के एक भंडारण टैंक से जहरीली मेथिलीन डाइक्लोराइड गैस के रिसाव के बाद चार कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद फैक्टरी में कार्यरत श्रमिकों में दहशत फैल गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार रात को गैस के रिसाव से आठ कर्मचारी प्रभावित हुए, जिनमें से चार को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने बताया कि प्रभावित कर्मचारियों में से दो को चिकित्सा देखभाल के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो अन्य अब भी उपचारत हैं।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेती ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
मेथिलीन क्लोराइड एक रंगहीन तरल पदार्थ है जिसमें हल्की मीठी गंध होती है और इसका उपयोग औद्योगिक विलायक और पेंट स्ट्रिपर के रूप में किया जाता है। इसके संपर्क में आने पर त्वचा या आंखों में जलन के अलावा हृदय, केंद्रीय तंत्रिका तंत्र और यकृत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत