एआई समिट में विरोध प्रदर्शन: युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार

Ads

एआई समिट में विरोध प्रदर्शन: युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ता गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 06:53 PM IST

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ स्थल पर हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया और मामले में व्यापक साजिश के पहलू की जांच कर रही है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इससे पहले दिन में, पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के एक प्रदर्शनी हॉल के अंदर ‘शर्ट उतार कर विरोध प्रदर्शन’ करने को लेकर आईवाईसी के करीब 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।

भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए।

युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर “इंडिया यूएस ट्रेड डील”, “एपस्टीन फाइल्स” और “पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड (प्रधानमंत्री झुक गये हैं)” जैसे नारे लिखे थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार के राज्य सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के राज्य अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को आज बाद में पटियाला हाउस अदालत में पेश किया जाएगा; प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और कई संगीन धाराएं लगाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आरोपियों ने कथित तौर पर घटनास्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की भी की।

अधिकारियों ने बताया कि जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

इससे पहले एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि करीब 15 लोगों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने ले जाया गया। उन्होंने कहा था कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर सम्मेलन स्थल में प्रवेश करने के वास्ते क्यूआर कोड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था और बाद में प्रदर्शनी हॉल नंबर 5 के अंदर विरोध प्रदर्शन किया।

कुछ प्रदर्शनकारियों की कुछ उपस्थित लोगों के साथ तीखी बहस हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।

भाषा नोमान

नोमान माधव

माधव