हिमाचल प्रदेश में ताजा हिमपात, व्यापक बारिश

Ads

हिमाचल प्रदेश में ताजा हिमपात, व्यापक बारिश

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 06:23 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 06:23 PM IST

शिमला, 21 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले आदिवासी क्षेत्रों में शनिवार को लगातार पांचवे दिन मध्यम से भारी हिमपात हुआ, जबकि कुछ मध्य और निचले क्षेत्रों में व्यापक बारिश हुई, जिससे तापमान में काफी गिरावट आ गई।

राज्य के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को मौसम शुष्क रहा और धूप खिली रही, जिससे लोगों को खराब मौसम से राहत मिली।

शुक्रवार शाम से सांगला में 20.5 सेंटीमीटर, कल्पा में 18.2 सेंटीमीटर, केलांग में 10.0 सेंटीमीटर, हंसा में 7.5 सेंटीमीटर, गोंडला में चार सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 2.1 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज की गई।

कंडाघाट में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद जट्टन बैराज, मनाली, शिमला, गोहर और बर्थिन में 40 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।

स्थानीय मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और 23 मार्च को कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने 21, 22, 24 और 27 मार्च को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी और 23 और 26 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश तथा बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है, जबकि शेष दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई और कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा स्थान रहा।

भाषा

राखी सुरभि

सुरभि