मादक पदार्थ के फरार तस्कर को अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर दिल्ली लाया गया

Ads

मादक पदार्थ के फरार तस्कर को अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर दिल्ली लाया गया

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 02:35 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 02:35 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) इंटरपोल के रेड नोटिस का सामना कर रहे एक फरार मादक पदार्थ तस्कर को बुधवार को अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। यह कार्रवाई सीबीआई ने गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय से की।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी प्रभदीप सिंह दिल्ली के विशेष प्रकोष्ठ पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था, जिसमें उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1958 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

केंद्रीय अन्वेषण अभिकरण (सीबीआई) के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘इस मामले में भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए थे और कई सह-आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी इस मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता था।’’

दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से प्रभदीप सिंह के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अजरबैजान के अधिकारियों द्वारा आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्हें प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आरोपी को सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित किया गया।’’

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय टीम आरोपी प्रभदीप सिंह को वापस लाने के लिए अजरबैजान की राजधानी बाकू गई थी और बुधवार को उसे लेकर दिल्ली पहुंची।

भाषा गोला वैभव

वैभव