पीएसईबी ने 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया, लड़कियों ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए

Ads

पीएसईबी ने 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया, लड़कियों ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 04:07 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 04:07 PM IST

मोहाली, 13 मई (भाषा) पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने बुधवार को कक्षा 12 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ते हुए शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा जमाया।

मानसा स्थित गुरुकुल एकेडमी पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल की विज्ञान संकाय की सुपनीत कौर ने 500 में से 500 अंक प्राप्त करके अव्वल स्थान हासिल किया।

लुधियाना के बीसीएम सीनियर सेकंडरी स्कूल की छात्रा सुहानी चौहान ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि लुधियाना के तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल सीनियर सेकंडरी स्कूल की वानीत जौहर ने तीसरा स्थान हासिल किया। ये दोनों छात्राएं मानविकी संकाय से हैं।

पीएसईबी के अनुसार, कुल 2,65,417 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 2,42,755 उत्तीर्ण हुए। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 91.46 रहा।

परीक्षा में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.73 रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.52 रहा।

परिणामों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों के स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत 91.24, और ग्रामीण क्षेत्रों में यह 91.63 प्रतिशत रहा।

सरकारी स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत 91.41 प्रतिशत रहा, जबकि गैर-सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत क्रमशः 92.68 प्रतिशत तथा 88.44 प्रतिशत रहा।

कुल 5,109 छात्र अनुत्तीर्ण हुए और 17,495 छात्रों की ‘कंपार्टमेंट’ आई है।

वाणिज्य संकाय के छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत सबसे अधिक 98.78 प्रतिशत रहा, तथा इसके बाद विज्ञान संकाय में 98.47 प्रतिशत छात्र-छात्रा उत्तीर्ण हुए।

मानविकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का प्रतिशत क्रमशः 87.74 और 87.80 फीसद रहा।

अमृतसर के स्कूलों में राज्य में सर्वाधिक 96 प्रतिशत उत्तीर्ण प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके बाद पठानकोट में 95.66 प्रतिशत, एसबीएस नगर में 95.62 प्रतिशत और गुरदासपुर में उत्तीर्ण प्रतिशत 95.36 रहा।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश