जनकपुरी ई-रिक्शा हादसे में बच्ची की मौत: बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी पर किसी ने मदद नहीं की

Ads

जनकपुरी ई-रिक्शा हादसे में बच्ची की मौत: बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी पर किसी ने मदद नहीं की

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 02:50 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 02:50 PM IST

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में कार की टक्कर से पलटे ई-रिक्शे पर सवार छह साल की बच्ची की मौत को लेकर उसकी नानी ने कहा है कि जब उनकी नातिन हादसे के बाद खून से लथपथ पड़ी थी, तब उनके गुहार लगाने के बावजूद कोई मदद के लिए नहीं रुका।

सत्रह फरवरी की सुबह जब यह घटना घटी, तब बुजुर्ग महिला अपनी छह साल की नातिन को स्कूल ले जा रही थी।

बच्ची की नानी मर्सी जेवियर ने कहा, “ई-रिक्शा चालक बहुत धीरे-धीरे गाड़ी चला रहा था। अचानक, एक तेज रफ्तार सफेद कार ने हमारे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी और हम तीनों गिर गए। मैंने कार चालक से विनती की कि वह मेरी बच्ची को अपनी गाड़ी में अस्पताल ले जाए। लेकिन वह भाग गया।’

बच्ची की मां ने कहा कि उन्हें अस्पताल के एक कर्मचारी ने फोन पर उन्हें दुर्घटना के बारे में बताया। बच्ची की मां ने कहा कि इसके बाद उन्होंने भी सड़क पर मदद के लिए गुहार लगाई लेकिन लोगों ने अनसुना कर दिया।

महिला ने बताया, ‘‘उसकी (मां ने) तीन-चार गाड़ियों को मदद मांगने के लिए रोकने की कोशिश की, लेकिन कोई नहीं रुका।’’ एक नर्स ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से उसकी बेटी को अस्पताल पहुंचाया।

मां ने कहा, ‘‘अगर मदद जल्दी मिल जाती, तो शायद हालात अलग होते।’’ उन्होंने कहा कि कार तेज रफ्तार में थी।

पड़ोसियों ने बच्ची को हंसमुख बताया।

पीड़ित परिवार की पड़ोसी जॉर्जीना ने कहा ‘उसकी नानी उसे स्कूल छोड़ने और लेने जाती थीं। हमने उसे देखा है – वह बहुत हंसमुख थी।’

पुलिस ने बताया था दुर्घटना में घायल होने के बाद बच्ची और उसकी नानी मर्सी जेवियर (57) को शुरू में माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया था और बाद में उन्हें द्वारका के एक उन्नत चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया। वे लाजवंती गार्डन में रहते हैं।

मर्सी जेवियर ने पुलिस को बताया कि 17 फरवरी को सुबह करीब 7.40 बजे वह अपनी नातिन के साथ ई-रिक्शा में यात्रा कर रही थीं। जनकपुरी दमकल केंद्र के पास ई-रिक्शा एक कार से टकराकर पलट गया जिससे वे दोनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने बाद में कार को जब्त करके उसके चालक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान संजीव के रूप में हुई।

एक अधिकारी ने बताया,“आरोपी चालक को बुधवार को पकड़ लिया गया। गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दमकल केंद्र और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।”

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष