एटा में प्रेमिका के पति की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Ads

एटा में प्रेमिका के पति की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 08:27 PM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 08:27 PM IST

एटा (उप्र), 20 जून (भाषा) एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र में प्रेमिका के पति की गोली मारकर हत्या करने के मामले का राजफाश करते हुए पुलिस ने 38 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशोर नौ जून की रात अपनी प्रेमिका के घर गया था, लेकिन लौटते समय उसका सामना पीड़ित आशीष से हो गया।

किशोर पहले भी ग्रामीणों के हाथों पिट चुका था इसिलए दोबारा पकड़े जाने के डर से उसने कथित तौर पर आशीष की गोली मारकर हत्या कर दी और भाग गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

पांडेय ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन के निर्देशों पर पुलिस, स्वाट और निगरानी टीमों ने तकनीकी सबूतों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमरोली गांव के रहने वाले किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कबूल किया कि उसका पीड़ित की पत्नी के साथ संबंध था और वह घटना की रात उससे मिलने गया था।

उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया तमंचा और तीन कारतूस बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

भाषा

रवि कांत संतोष

संतोष