पणजी, 28 सितंबर (भाषा) गोवा पुलिस में सोमवार को एक वकील ने शिकायत दर्ज कराई जिसमें आरोप लगाया गया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक के बेटे ने सड़क पर हुए विवाद के दौरान उन्हें और उनके परिजनों को धमकाया और उनके साथ बदसलूकी की।
वकील शांताराम कुडचडकर (70) ने अपनी शिकायत में दावा किया कि यह घटना 26 सितंबर को कुशावती जिले के कर्चोरेम में पोंटेमोल जंक्शन और शिवाजी सर्किल के पास हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक राजेश फालदेसाई के बेटे राहुल ने कार इस तरह खड़ी की थी कि उनकी कार का रास्ता बाधित हो गया जिसमें खुद वह, उनकी बहू और दो पोते सवार थे।
कुडचडकर ने शिकायत में दावा किया कि जब उनकी बहू ने कार में बैठे लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की तो राहुल फालदेसाई बाहर आया और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने अपनी कार वहां से निकाल ली तो राहुल फालदेसाई की कार ने उनका पीछा किया।
कुडचडकर ने आरोप लगाया कि दूसरी कार में सवार लोग रॉड और डंडे लिए हुए थे, उन्होंने अपनी कार को उनके वाहन के करीब ले जाकर टक्कर मारने की कोशिश की।
फालदेसाई से इस संबंध में प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी, जबकि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
कुडचडकर ने अपनी शिकायत में राहुल फालदेसाई और तीन अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गलत तरीके से रोकने, आपराधिक धमकी, हमला और अपमान करने के आरोपों में मामला दर्ज करने की मांग की है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष