केरल के हवाई अड्डों से एक सप्ताह में 11 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना जब्त
केरल के हवाई अड्डों से एक सप्ताह में 11 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना जब्त
कोच्चि, दो अगस्त (भाषा) केरल के सीमा शुल्क विभाग ने विभिन्न हवाईअड्डों से पिछले एक सप्ताह को दौरान तस्करी कर लाया गया आठ किलोग्राम सोना जब्त किया है। बरामद सोने की कीमत 11 करोड़ रुपये से अधिक है। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
सीमा शुल्क आयुक्त टी. टीजू ने एक बयान में बताया कि इस संबंध में पिछले एक सप्ताह के दौरान में कुल 14 मामले दर्ज किए गए और नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में केरल के छह और तमिलनाडु के तीन लोग शामिल हैं।
टीजू ने कहा कि ये अभियान राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) और केरल पुलिस के सहयोग से चलाए गए। विभिन्न एजेंसियों के बीच सहयोग से तस्करी के कई प्रयासों का पता लगाने में सफलता मिली।
सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, हालिया जब्ती से पता चलता है कि संगठित अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी नेटवर्क सोना छिपाने के लिए अत्यधिक उन्नत तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
टीजू ने कहा कि तस्करी के इन नए तरीकों से निपटने के लिए केरल में सीमा शुल्क विभाग की इकाइयों ने यात्रियों की ‘प्रोफाइलिंग’, खुफिया जानकारी जुटाने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत किया है।
आयुक्त ने कहा कि संगठित तस्करी गतिविधियों में शामिल गिरोह और उनके वित्तीय सहायता देने वालों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


