भुवनेश्वर, 27 जुलाई (भाषा) ओडिशा के बलांगीर जिले में कोयले से लदी एक मालगाड़ी सोमवार को पटरी से उतर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना पूर्वाह्न 11 बजकर 23 मिनट पर सीकीर और टिटिलागढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुई।
पूर्व तट रेलवे (ईसीओआर) ने एक बयान में कहा कि कोयला लदा और इंजन से इंजन से 14वें नंबर पर लगे डिब्बे का पिछला ट्रॉली पहिया पटरी से उतर गया।’’
बयान में कहा गया है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बयान में कहा गया है कि मालगाड़ी के डिब्बे के पटरी से उतरने की घटना के तुरंत बाद ईसीओआर के संबलपुर मंडल के वरिष्ठ रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, पटरी पर ट्रेन संचालन बहाल करने के लिए कांटाबांजी से एक दुर्घटना राहत ट्रेन रवाना की गई। बयान के अनुसार बहाली का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
बयान में यह भी कहा गया है कि ट्रेन के डिब्बे के पटरी से उतरने की इस घटना का यात्री ट्रेन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है।
भाषा सुरभि अमित
अमित