सरकार का महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ध्यान नहीं: सचिन पायलट

सरकार का महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ध्यान नहीं: सचिन पायलट

सरकार का महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ध्यान नहीं: सचिन पायलट
Modified Date: May 25, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: May 25, 2026 6:58 pm IST

जयपुर, 25 मई (भाषा) कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ईंधन की बढ़ती कीमतें और नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में निष्क्रियता दर्शाती है कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को नजरअंदाज कर केवल चुनाव जीतने पर ध्यान दे रही है।

पायलट ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चुनाव संपन्न होने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता पर अचानक बोझ डाले जाने के बजाय पहले से ही इस तरह के फैसले ले लिए जाने चाहिए थे।

पायलट ने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आवश्यक वस्तुओं के दामों पर पड़ता है, जिससे महंगाई और बढ़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई के मुद्दे को हल करने में विफल रही है और “उसका एकमात्र एजेंडा चुनाव जीतना तथा विपक्ष को निशाना बनाना है।”

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार लीक होना यह दर्शाता है कि इसके पीछे “शिक्षा माफिया” के बड़े संगठित गिरोह का हाथ है। उन्होंने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के केंद्र सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे प्राधिकारों की जवाबदेही खत्म नहीं हो जाती।

पायलट ने कहा कि केवल परीक्षा रद्द करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जवाबदेही तय करनी होगी और इस्तीफे लेने होंगे। उन्होंने कहा, “अगर सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है, तो उसे ठोस कदम उठाने होंगे, न कि जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करनी होगी।”

पायलट ने केंद्र की विदेश और आर्थिक नीतियों की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि ईंधन के आयात जैसे क्षेत्रों में भारत की स्वायत्तता प्रभावित हो रही है।

राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों पर पायलट ने कहा कि अदालत के निर्देशों के बावजूद चुनावों में देरी हो रही है और इससे राज्य को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल हार के डर से चुनाव टाल रहा है।

पायलट ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल महंगाई, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं सहित अन्य मुद्दों को लेकर राजस्थान और पूरे देश में आंदोलन जारी रखेंगे।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत पारुल

पारुल


लेखक के बारे में