सरकार परिसीमन को लेकर ‘घिनौने खेल’ में लगी: जयराम रमेश

Ads

सरकार परिसीमन को लेकर ‘घिनौने खेल’ में लगी: जयराम रमेश

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 08:47 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 08:47 PM IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर ‘‘घिनौना खेल’’ खेलने का आरोप लगाया और दावा किया कि सरकार दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से कम से कम 26 पीछे है।

रमेश ने कहा कि सभी विपक्षी दल चाहते हैं कि लोकसभा की 543 सीटों की संख्या अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखी जाये।

उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसी खबरें सामने आती रहती हैं कि विशेष सत्र इस तिथि या उस तिथि को बुलाया जा सकता है, लेकिन सच्चाई यह है कि सरकार दो-तिहाई बहुमत की संख्या से ‘‘कम से कम 26 पीछे’’ है।

रमेश ने ‘‘द डिलिमिटेशन डिबेट – द यूनियन एंड इट्स यूनिट्स’’ नामक पुस्तक के विमोचन के अवसर पर यह टिप्पणी की।

रमेश ने माकपा नेता जॉन ब्रिटास और समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान के साथ एक परिचर्चा में हिस्सा लेते हुए इस महीने की शुरुआत में महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लाने के गृह मंत्री अमित शाह के तरीके की आलोचना की।

रमेश ने कहा, ‘‘परिसीमन के दो पहलू हैं। पहला सीटों का वितरण और दूसरा भौगोलिक सीमाओं का निर्धारण है।’’

उन्होंने कहा कि असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के दौरान जो कुछ हुआ, उसे देखते हुए चिंताएं पैदा होती हैं।

रमेश ने दावा किया कि सरकार ‘‘महाकलंकित दो-तिहाई बहुमत’’ हासिल नहीं कर पाएगी।

भाषा हक सुरेश देवेंद्र

देवेंद्र