लोकसभा की सीटों में वृद्धि से जुड़ी हर आशंका का सरकार समाधान करेगी: अनुप्रिया

Ads

लोकसभा की सीटों में वृद्धि से जुड़ी हर आशंका का सरकार समाधान करेगी: अनुप्रिया

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 02:47 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 02:47 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने लोकसभा में सभी राज्यों की बराबरी में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ने संबंधी गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर विपक्षी सदस्यों द्वारा जताई गई आशंकाओं को शुक्रवार को खारिज कर दिया और कहा कि सरकार इसका समाधान जरूर करेगी।

पटेल ने लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा में भाग लेते हुए यह बात कही।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने लोकसभा की मौजूदा सीट संख्या 543 के आधार पर ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किये जाने की विपक्षी सदस्यों की मांग पर प्रश्न किया कि ‘‘जब आपके पास मौका था तो क्यों नहीं किया?’’

उन्होंने समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग आज जाति जनगणना के इतने बड़े पैरोकार बन रहे हैं, जब वे राज्य और केंद्र में सत्ता में थे तब उन्होंने जाति जनगणना कराने का निर्णय क्यों नहीं लिया?

मंत्री ने कहा, ‘‘जाति जनगणना की प्रक्रिया चल रही है। 31 मार्च 2027 तक इसके आंकड़े भी आ जाएंगे। जो ये नहीं कर पाये हमारी सरकार ने करके दिखाया है।’’

पटेल ने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों के कई सांसदों ने यह मुद्दा उठाया कि जिन दक्षिणी राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण के दृष्टिकोण से बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें शायद सीटों का नुकसान हो सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, गृह मंत्री ने इसी सदन में (बृहस्पतिवार को) उनकी शंकाओं का समाधान किया और उनकी चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि सभी राज्यों की बराबरी में 50 प्रतिशत सीटों की वृद्धि की जाएगी…किसी भी राज्य को सीटों की दृष्टि से कोई भी नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।’’

पटेल ने कहा, ‘‘लेकिन फिर भी कुछ विपक्षी सांसद कह रहे हैं कि आप केवल मौखिक आश्वासन दे रहे हैं। यह (विधेयक में) कहीं लिखा हुआ नहीं है। देश के गृह मंत्री जी संसद में खड़े होकर कह रहे हैं लेकिन इन्हें भरोसा नहीं है। मैं आपको विश्वास दिलाती हूं कि इस शंका का भी समाधान हमारी सरकार जरूर करेगी।’’

शाह ने बृहस्पतिवार को सदन में कहा था कि लोकसभा में अभी केरल का प्रतिनिधित्व 6.38 प्रतिशत है जो बढ़कर 3.67 प्रतिशत (30 सीट) हो जाएगा।

उन्होंने कहा था कि कुल मिलाकर अभी दक्षिणी राज्यों से 129 लोकसभा सदस्य आते हैं और उनका प्रतिनिधित्व 23.76 प्रतिशत है, जो 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद 195 सीट और 23.97 प्रतिशत यानी 24 प्रतिशत हो जाएगा।

भाषा सुभाष माधव

माधव