बेंगलुरु में बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रीन लाइन मेट्रो सेवाएं थोड़ी देर प्रभावित रहीं
बेंगलुरु में बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रीन लाइन मेट्रो सेवाएं थोड़ी देर प्रभावित रहीं
बेंगलुरु, 21 जुलाई (भाषा) बेंगलुरु में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मंगलवार सुबह ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवाएं थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुईं। इस दौरान सिल्क इंस्टीट्यूट और यशवंतपुर स्टेशनों के बीच छोटे मार्ग पर ट्रेनों का संचालन किया गया, जिसके बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो संचालन में आए व्यवधान के बाद यशवंतपुर और मडावरा के बीच मेट्रो सेवाएं थोड़ी देर के लिए निलंबित कर दी गई थीं।
उन्होंने बताया कि नम्मा मेट्रो की ग्रीन लाइन उत्तर-पश्चिम में मडावरा से दक्षिण में सिल्क इंस्टीट्यूट तक संचालित होती है।
बेंगलुरु मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने एक बयान में कहा, ‘‘बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण आज सुबह आठ बजे से ग्रीन लाइन मेट्रो सेवाओं का संचालन सिल्क इंस्टीट्यूट और यशवंतपुर स्टेशनों के बीच छोटे मार्ग पर किया जा रहा था।’’
बीएमआरसीएल ने बताया कि तकनीकी टीमों ने सेवाएं सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया। अंततः बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई और सुबह आठ बजकर 45 मिनट से पूरी ग्रीन लाइन पर मेट्रो की सामान्य सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक

Facebook


