गृह लक्ष्मी और गृह ज्योति योजना बंद नहीं की जा रही: मुख्यमंत्री शिवकुमार

Ads

गृह लक्ष्मी और गृह ज्योति योजना बंद नहीं की जा रही: मुख्यमंत्री शिवकुमार

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 05:06 PM IST

बेंगलुरु, 14 जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने रविवार को कांग्रेस सरकार की ‘गृह लक्ष्मी’ और ‘गृह ज्योति’ गारंटी योजनाओं को बंद किए जाने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए लोगों से विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

शिवकुमार ने एक बयान में कहा, ‘‘गृह लक्ष्मी और गृह ज्योति कांग्रेस सरकार का गौरव हैं। इन्हें किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं किया जाएगा। जनता को इस संबंध में विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही झूठी खबरों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।’’

उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ लोग मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं, इसी कारण लाभार्थियों से दोबारा आवेदन करने को कहा गया है ताकि योजनाओं के लिए उनके नाम, पते और बैंक खाते के विवरण का सत्यापन और प्रमाणीकरण किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सभी गारंटी योजनाएं शत-प्रतिशत जारी रहेंगी और किसी भी लाभार्थी को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।

‘गृह लक्ष्मी’ योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की महिला मुखिया को दो हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जबकि ‘गृह ज्योति’ योजना में घरेलू बिजली कनेक्शन पर 200 यूनिट तक की बिजली मुफ्त प्रदान की जाती है।

भाषा राखी शोभना

शोभना