एनसीपीआई ने उपचुनाव में भाजपा के लिए प्रचार का ऐलान किया, सत्तारूढ़ दल का गठबंधन की संभावना से इनकार

Ads

एनसीपीआई ने उपचुनाव में भाजपा के लिए प्रचार का ऐलान किया, सत्तारूढ़ दल का गठबंधन की संभावना से इनकार

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 11:29 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 11:29 PM IST

कोलकाता, 22 सितंबर (भाषा) नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) ने मंगलवार को कहा कि वह छह अक्टूबर को होने जा रहे नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेगी। हालांकि, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने स्पष्ट किया कि यह समर्थन किसी चुनावी गठबंधन या भविष्य में सीटों के बंटवारे का संकेत नहीं है।

एनसीपीआई अध्यक्ष ज्योतिप्रकाश चट्टोपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ पार्टी के जुड़ाव के तहत यह फैसला लिया गया है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सायंतन बसु ने कहा, ‘‘यह अच्छी बात है कि एनसीपीआई ने भाजपा के लिए प्रचार करने का फैसला किया है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि बंगाल में भाजपा और एनसीपीआई का कोई चुनावी गठबंधन हो सकता है या भविष्य में किसी भी तरह से सीटों का बंटवारा हो सकता है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा दोनों सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।

यह घटनाक्रम जून में तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों के एनसीपीआई में विलय और उसके बाद भाजपा नीत राजग को समर्थन देने के घटनाक्रम के बाद हुआ है। इन सांसदों के खिलाफ दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता की याचिकाएं लंबित हैं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें नोटिस जारी किया था और जवाब देने की समयसीमा मंगलवार को समाप्त हुई, जिसके बाद सांसदों ने चार सप्ताह का और समय मांगा।

भाषा

खारी वैभव

वैभव