चंडीगढ़, 22 सितंबर (भाषा) विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मंगलवार को जारी चंडीगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में 4,60,209 मतदाता पंजीकृत हैं जिनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
चंडीगढ़ में एसआईआर की प्रक्रिया पांच जून से शुरू हुई थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रेरणा पुरी ने कहा कि फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के कार्यालयों में सत्यापन के लिए उपलब्ध है। इसे मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, 21 जुलाई को जारी मसौदा मतदाता सूची में 4,50,282 मतदाता थे। पुनरीक्षण के दौरान 15,117 नए मतदाताओं को जोड़ा गया और 5,190 नाम हटाए गए, जिससे मतदाताओं की संख्या में 9,927 यानी 2.20 प्रतिशत की शुद्ध वृद्धि हुई।
पुनरीक्षण के दौरान 17,891 दावों और आपत्तियों का निपटारा किया गया। वहीं, 4,644 मतदाताओं को अयोग्य घोषित किया गया।
इस बीच, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दावा किया कि एक जून 2024 के लोकसभा चुनाव और 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के बीच चंडीगढ़ में 1,99,596 मतदाता कम हुए हैं।
उन्होंने सवाल किया कि क्या ये दोहराव वाले या फर्जी मतदाता थे, अथवा ऐसे गरीब लोग जिन्हें आवश्यक दस्तावेज न होने के कारण मताधिकार से वंचित कर दिया गया।
तिवारी ने कहा कि हटाए गए मतदाताओं के नाम और पते सार्वजनिक होने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।
भाषा खारी वैभव
वैभव