गुजरात : 1500 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी में शामिल तीन आरोपी राजकोट से गिरफ्तार

Ads

गुजरात : 1500 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी में शामिल तीन आरोपी राजकोट से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 06:20 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 06:20 PM IST

राजकोट, 26 फरवरी (भाषा) गुजरात के राजकोट जिले में 1500 करोड़ रुपये के साइबर धोखाधड़ी रैकेट में कथित संलिप्तता के लिए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या नौ हो गई है।

राजकोट (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक विजय गुर्जर ने बताया कि ‘म्यूल’ खातों में पैसे अंतरित करने और ‘अंगड़िया’ माध्यम से रुपये वापस लेने में शामिल तेलंगाना निवासी आदिलुद्दीन मोहम्मद को बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अन्य दो व्यक्तियों की पहचान राजकोट के मिहिर रंगानी और हिरेन लिम्बासिया के रूप में हुई है, जो बैंक खाते उपलब्ध कराने, रुपये निकालने और धनराशि अंतरित करने के लिए जिम्मेदार थे।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में 13 फरवरी को छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में विभिन्न निजी बैंकों में 15 खाते खोले गए थे, जिन्हें कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) फर्मों के माध्यम से चलाया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, “एपीएमसी खातों का उपयोग करने का कारण यह था कि जीएसटी और टीडीएस अनुपालन की आवश्यकताएं लागू नहीं होती थीं, जिससे इनका दुरुपयोग करना आसान हो जाता था। इन खातों के माध्यम से तीन अलग-अलग श्रेणियों की धनराशि का लेन-देन किया गया, जिनमें साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त आय, जुआ से संबंधित लेनदेन और जीएसटी गतिविधियों से जुड़ी धनराशि शामिल है।”

उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में इन खातों से संबंधित लगभग 1500 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश