गुरुग्राम: फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर महिला को बदनाम करने के आरोप में अन्य महिला गिरफ्तार

Ads

गुरुग्राम: फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर महिला को बदनाम करने के आरोप में अन्य महिला गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 08:27 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 08:27 PM IST

गुरुग्राम, 28 जून (भाषा) हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसपर आरोप है कि उसने एक महिला की तस्वीर का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाया और अश्लील टिप्पणियां पोस्ट कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता से बदला लेने के उद्देश्य से यह फर्जी अकाउंट बनाया था, क्योंकि शिकायतकर्ता ने पहले उसके पति के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज कराया था।

पुलिस ने बताया कि 22 मई को एक महिला ने अपराध शाखा (दक्षिण) थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीर का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाया और उसके नाम से अश्लील तथा अभद्र टिप्पणियां पोस्ट कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया।

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद पुलिस ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की रहने वाली आरती को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक (साइबर) गौरव फोगाट ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता ने पहले आरोपी महिला के पति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया था। इसका बदला लेने और शिकायतकर्ता को बदनाम करने के लिए आरोपी ने उसकी तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश