गुरुग्राम:घर से चार किलोमीटर दूर एक सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर बच्चे की मौत
गुरुग्राम:घर से चार किलोमीटर दूर एक सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर बच्चे की मौत
गुरुग्राम, दो फरवरी (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर 69 स्थित एक आवासीय सोसाइटी की इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद एक 13 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मृतक लड़के के घर से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में हुई और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चा सोसाइटी तक कैसे पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार को शाम करीब 4:40 बजे घटी, जब 13 वर्षीय लड़का कथित तौर पर सोसाइटी के टावर बी-11 की 14वीं मंजिल से गिर गया।
गार्ड किसी चीज के गिरने की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचा। उसने बच्चे को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा और सोसाइटी के निवासियों को सूचित किया, जिसके बाद एम्बुलेंस बुलाई गई।
मृतक की पहचान आरव के रूप में हुई है, जो कक्षा सातवीं का छात्र था और घटना स्थल से लगभग चार किलोमीटर दूर सेक्टर 70 स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी का निवासी था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लड़का सोसाइटी तक कैसे पहुंचा।
अधिकारी ने बताया कि ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज में आरव को टावर की छत पर अकेले जाते हुए देखा गया है। पुलिस को छत से बच्चे के गिरने का सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त हुआ है।
मृतक के पिता अतुल सक्सेना के अनुसार, लड़का एक निजी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता था। माता-पिता को समझ नहीं आ रहा है कि उनका इकलौता बेटा इतनी दूर क्यों गया और उसकी मौत कैसे हुई।
पिता ने बताया, ‘लगभग ढाई साल पहले आरव की चाची ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में रहती थीं और वह उनसे मिलने जाया करता था। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आरव किसके साथ वहां गया था।’
जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया, “अब तक की जांच और सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि बच्चा छत से खुद गिर गया था। परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। बच्चा सोसाइटी तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।”
भाषा तान्या संतोष
संतोष

Facebook


