गुरुग्राम, 23 सितंबर (भाषा) गुरुराम में पुलिस ने धरम कॉलोनी में 33 वर्षीय व्यक्ति को अपनी महिला सह-जीवन साथी की एक झगड़े के बाद हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी और उसकी महिला साथी 2020 से साथ रह रहे थे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को किसी बात पर उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद आकाश (आरोपी) ने महिला पर कथित तौर पर डंडे, पाइप और बेलन से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि धरम कॉलोनी इलाके में किराये के एक घर में एक महिला घायल अवस्था में पड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां महिला खून से लथपथ पड़ी हुई मिली।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम महिला को एम्बुलेंस से अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पालम विहार पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर ही आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया, जो उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है।
भाषा सुभाष अमित
अमित