गुरुग्राम, 18 सितंबर (भाषा) गुरुग्राम की एक अदालत ने बाइक सवार शिवानी चौहान उर्फ सिया को टक्कर मारकर फरार होने के मामले में गिरफ्तार कल्याण बैंसला और उसके चचेरे भाई लवनीश को शुक्रवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दोनों को शुक्रवार को दो दिन की पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए एक अक्टूबर की तारीख तय की है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को दीवानी न्यायाधीश निधि बेनीवाल की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।’’
यह घटना रविवार को हुई थी, जब गोल्फ कोर्स रोड पर पीछे से तेजी से आ रही एक कार ने बाइक सवार शिवानी चौहान को टक्कर मार दी। बैंसला एक जिम का मालिक है। टक्कर लगने से चौहान बाइक से गिर गईं और सड़क पर घिसटती चली गईं, जिससे उनकी जान को ख़तरा पैदा हो गया।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप