गुरुग्राम, तीन अप्रैल (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में उद्योग विहार स्थित एक कारखाने के तहखाने में शुक्रवार को आग लग गई, जिससे दो महिलाओं सहित पांच कर्मचारी फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने फंसे हुए श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया और इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
दमकल अधिकारी राम करण शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं । दमकल टीम ने आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया तथा कारखाने के अंदर फंसे लोगों को बचा लिया।
उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सुबह करीब 11.45 बजे उद्योग विहार फेज 1 के प्लॉट नंबर 896 के तहखाने में आग लग गई।
अधिकारी ने बताया कि आग तहखाने में लगी, जहां कर्मचारी काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि कई कर्मचारी तुरंत बाहर आ गए, लेकिन धुएं के कारण दो महिलाओं और तीन पुरुषों सहित पांच कर्मचारी अंदर फंस गए।
एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद, टीम फंसे हुए श्रमिकों को बचाने के लिए तहखाने में दाखिल हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा