गुरुग्राम, 10 जून (भाषा) गुरुग्राम में सेना के एक सेवानिवृत्त कर्नल के घर पर लूटपाट करने के आरोपी चार बांग्लादेशी नागरिकों का पीछा करने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस से बचने की कोशिश में चारों आरोपी एक अंडरपास में कूद गए, जिससे उनके हाथ-पैर की कई हड्डियां टूट गईं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों – हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल उर्फ अरमान और मोहम्मद मामन – को पालम विहार की अपराध शाखा की टीम ने द्वारका रोड पर बजघेड़ा अंडरपास के पास पकड़ लिया।
ये चारों बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो वर्तमान में दिल्ली के संगम विहार और वजीराबाद इलाकों में रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जब पुलिसकर्मी उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे बढ़े तो संदिग्धों ने अंडरपास में छलांग लगा दी। इस दौरान खैरुल उर्फ अरमान के दोनों पैर की हड्डी टूट गई, जबकि हिलाल और मामन का एक-एक पैर फ्रैक्चर हो गया। मामो खान के हाथ में फ्रैक्चर आया है।
चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा।
यह गिरफ्तारी गुरुग्राम के संभ्रांत इलाके सेक्टर 23 में एक सेवानिवृत्त कर्नल के घर पर हुई लूटपाट के चार दिन बाद हुई है।
भाषा सुमित सुभाष
सुभाष