नयी दिल्ली, 10 जून (भाषाा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में लगी आग में बुरी तरह से झुलसी बांग्लादेशी महिला की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इस हादसे में मरने वालों की संख्या 23 हो गई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आग में बुरी तरह झुलसी महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा था।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने एक बयान में कहा, ‘दुर्भाग्य से, इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। अब, मृतकों की कुल संख्या 23 हो गई है। मरने वाली महिला बांग्लादेश की नागरिक थी और आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’
वहीं साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ने एक बयान में बताया कि उसके यहां इस घटना में घायल हुए अब नौ मरीज़ भर्ती हैं जिनमें से सात को बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
बयान के मुताबिक, अब सिर्फ एक ही मरीज आईसीयू में भर्ती है और सभी मरीजों की हालत स्थिर है।
हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बीएंडबी’ में तीन जून को लगी भीषण आग में कई विदेशी नागरिकों समेत 23 लोगों की मौत हो गई है तथा कई अन्य जख्मी हो गए थे।
भाषा नोमान नोमान सुभाष
सुभाष