गुरुग्राम, सात जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा में गुरुग्राम के धनकोट गांव में दो अपराधियों से जुड़े पांच स्थानों पर बने अवैध ढांचों को पुलिस ने जिला प्रशासन के समन्वय से ध्वस्त कर दिया।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पालम विहार अपराध शाखा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सोमवार को ध्वस्तीकरण का यह अभियान चलाया।
उसने बताया कि अपराधियों की पहचान गुरुग्राम ज़िले के धनवापुर गांव निवासी नरेंद्र उर्फ पव्वा और सनी उर्फ डोगरा के तौर पर की गई।
नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या की कोशिश, मारपीट, डकैती, शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन और अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों जैसे कुल 12 मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार सनी उर्फ डोगरा के खिलाफ हत्या की कोशिश, मारपीट, डकैती, शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध सहित कुल 13 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी ने धनकोट नहर के पास गैर-कानूनी तरीके से एक बोरवेल और रिहायशी ढांचा बनाया था। उसने बताया कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद इस गैर-कानूनी निर्माण को ध्वस्त किया गया।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश