गुरुग्राम, 27 सितंबर (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर-83 में जी-21 सोसाइटी के पास झुग्गियों में सीमेंट की बनी पानी की टंकी अचानक ढहने से दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चों की मां भी मलबे में दबने के कारण घायल हो गईं।
टंकी बनाने वाले ठेकेदार के खिलाफ खेड़की दौला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मालदा के निवासी शरीफ अली पिछले करीब एक साल से सेक्टर-83 की एक किराये की झुग्गी में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा है, उसकी पत्नी रुबीना बीबी पास की एक हाउसिंग सोसाइटी में साफ-सफाई का काम करती है।
शिकायत में कहा गया है कि झुग्गी बस्ती में पानी जमा करने के लिए करीब तीन-चार दिन पहले सीमेंट की एक टंकी बनाई गई थी, जो करीब 10 फुट लंबी, पांच फुट चौड़ी और पांच फुट ऊंची थी।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को टंकी बनने के बाद उसमें पानी भर दिया गया और लोगों को इसका इस्तेमाल शुरू करने को कहा गया।
पुलिस ने बताया कि उस समय रुबीना अपनी चार साल की बेटी सुमैया को नहलाने के लिए टंकी के पास गई थी, जबकि एक अन्य महिला भी अपने छोटे बेटे को नहलाने के लिए वहां पहुंची थी।
पुलिस ने बताया कि तभी अचानक टंकी की दीवार ढह गई और दोनों बच्चे तथा महिलाएं उसके नीचे दब गए।
स्थानीय निवासियों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पोस्टमार्टम के बाद बच्चों के शव उनके परिजन को सौंप दिए गए हैं। आरोपी ठेकेदार को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।’
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश