शादी के नाम पर महिलाओं से धोखाधड़ी करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार
शादी के नाम पर महिलाओं से धोखाधड़ी करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार
हैदराबाद, 19 मई (भाषा) तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में शादी का झांसा देकर ठगी और जालसाजी के करीब 20 मामलों में कथित तौर पर शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
साइबर अपराध (साइबराबाद) के पुलिस उपायुक्त टी. साईमनोहर ने बताया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है, जो विभिन्न वैवाहिक वेबसाइट और ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं को ठगता था।
साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, साइबर अपराध पुलिस ने फर्जी प्रोफाइल के जरिए महिलाओं से धोखाधड़ी के कई मामलों का पता लगाया था। जांच के दौरान, आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के निवासी के रूप में हुई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
जांच में पता चला कि आरोपी वैवाहिक ऐप और अन्य वेबसाइट पर खुद को संपन्न व्यक्ति बताकर फर्जी प्रोफाइल बनाता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शादी के लिए रिश्ता तलाश रही महिलाओं को निशाना बनाता था। वह सोशल मीडिया पर कॉल और चैट के जरिए उनका विश्वास जीतता था और भावनात्मक बातचीत करता था। बाद में वह झूठे बहाने बनाकर महिलाओं को पैसे ट्रांसफर करने और क्रेडिट कार्ड विवरण, ओटीपी व बैंक की गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए झांसा देता था।
आरोप है कि इस पैसे का इस्तेमाल गोवा में ऑनलाइन सट्टेबाजी और कैसीनो के लिए किया जाता था।
विज्ञप्ति में कहा गया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश

Facebook


