चंडीगढ़, 31 अगस्त (भाषा) हरियाणा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा परिसर के बाहर पिछले सप्ताह विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस विधायकों के साथ कथित धक्का-मुक्की मामले में सोमवार को राज्यपाल असीम कुमार घोष से हस्तक्षेप की मांग की।
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस विधायकों के साथ 27 अगस्त को कथित धक्कामुक्की और हाथापाई की निष्पक्ष जांच कराने तथा उचित कार्रवाई की मांग की गई।
राज्यपाल को दिए ज्ञापन में विधायकों ने आरोप लगाया कि उस दिन विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले वे लोग शांतिपूर्वक विधानसभा की ओर मार्च कर रहे थे, तभी उन्हें जबरन रोका गया और उनके साथ धक्कामुक्की की गयी।
कांग्रेस विधायकों ने बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन), सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, मंदिरों में चढ़ावे की कथित चोरी, प्रश्नपत्र लीक और अन्य मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी।
राज्यपाल को दिए गए ज्ञापन के अनुसार, विधायक 27 अगस्त को सीआईएसएफ और चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद बिना किसी बाधा के विधानसभा के प्रवेश बिंदु तक पहुंचे थे। हालांकि, विधानसभा के बाहर बड़ी संख्या में हरियाणा पुलिस के जवान मौजूद थे।
ज्ञापन में कहा गया कि वहां पुलिस और विधानसभा के सुरक्षा कर्मियों का व्यवहार ‘‘अपमानजनक और आक्रामक’’ था।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पुलिसकर्मियों ने कुछ विधायकों को ‘‘जबरन रोका’’ और उनके साथ ‘‘धक्कामुक्की’’ की।
कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस की तैनाती पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के बजाय निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है।
विधायकों ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में यह जानना चाहा था कि किसके आदेश पर और किन नियमों के तहत उनके विरोध प्रदर्शन को रोका गया, लेकिन न तो विधानसभा अध्यक्ष और न ही सदन के नेता ने संतोषजनक जानकारी दी तथा न ही इस कार्रवाई की जिम्मेदारी ली।
विधायकों ने कहा कि घटना की तस्वीरें और अन्य दृश्य साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनकी जांच कर घटना की परिस्थितियों और सुरक्षा कर्मियों के आचरण का आकलन किया जा सकता है।
कांग्रेस विधायकों ने राज्य के संवैधानिक प्रमुख के रूप में राज्यपाल से घटना का तत्काल संज्ञान लेने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश