हरियाणा : दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में चार युवकों की मौत, दो घायल

Ads

हरियाणा : दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में चार युवकों की मौत, दो घायल

  •  
  • Publish Date - January 28, 2023 / 10:08 PM IST,
    Updated On - January 28, 2023 / 10:08 PM IST

जींद (हरियाणा), 28 जनवरी (भाषा) जींद जिले में गांव रधाना के निकट जींद-गोहाना मार्ग पर शनिवार रात को तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भिडंत में चार युवकों की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

स्थानीय लोग घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने एक युवक की गंभीर हालत देख पीजीआईएमएस,रोहतक रेफर कर दिया।

सदर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, गांव आसन निवासी नितिन (18) का शनिवार को जन्मदिन था। वह अपने दोस्तों गांव कालवा निवासी सुमित, गांव शामलो कलां निवासी गोबिंदा, गांव आसन निवासी शिव कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर जींद में जन्मदिन मनाने आए हुए थे। रात को चारों मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल गांव रधाना के निकट जींद-गोहाना मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट पहुंची तो सामने से गोहाना की तरफ से आ रहे राम कालोनी जींद निवासी गौरव व हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी सोनू की मोटरसाइकिल के साथ आमने-सामने की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे में नितिन, सुमित, गौरव और सोनू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिव कुमार तथा गोबिंदा गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक नितिन के भाई मुकेश ने बताया कि शनिवार को ही नितिन 18 साल का हुआ था और सभी दोस्त जींद में जन्मदिन की पार्टी मनाने आए थे।

पुलिस उपाधीक्षक रवि खुंडिया ने बताया कि हादसे में चार युवकों की मौत हुई है जबकि एक घायल की गंभीर हालत देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है जबकि दूसरा घायल अस्पताल में ही उपचाराधीन है।

भाषा सं शफीक

शफीक