चंडीगढ़, सात जुलाई (भाषा) कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की भर्ती नीति को ‘‘अन्याय, अपमान और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़’’ का प्रतीक बताते हुए मंगलवार को कहा कि बड़े पैमाने पर बेरोजगारी के बावजूद, भर्ती नियमों की वजह से सैकड़ों सरकारी पद खाली पड़े हैं।
सिरसा से कांग्रेस सांसद सैलजा ने एक बयान में कहा कि कंप्यूटर विज्ञान विषय के स्नातकोत्तर शिक्षकों (पीजीटी) की भर्ती प्रक्रिया सरकार की नीति की खामियों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी घोषित 1,673 पदों में से 603 पद खाली रह गए।
उन्होंने मनोविज्ञान विषय के सहायक प्राध्यापकों की हालिया भर्ती का भी हवाला दिया, जिसमें कथित तौर पर 85 पदों के लिए केवल तीन उम्मीदवार ही प्रक्रिया में सफल हो सके। उन्होंने कहा कि कई अन्य विषयों में भी पद खाली रह गए हैं।
सैलजा ने कहा कि यह स्थिति योग्य उम्मीदवारों का मनोबल गिराने वाली है और भर्ती प्रक्रिया में गंभीर खामियों को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि जहां हरियाणा में लाखों शिक्षित युवा सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं स्कूलों में शिक्षकों की कमी है और कई सरकारी विभागों में हजारों पद रिक्त पड़े हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इन रिक्तियों को भरने के लिए व्यावहारिक भर्ती नियम बनाने के बजाय सरकार योग्य उम्मीदवारों को बाहर कर रही है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर राज्य के युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहने का भी आरोप लगाया। सैलजा ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी से युवाओं में निराशा, मानसिक तनाव और असुरक्षा बढ़ रही है।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत काम कर रहे कर्मचारियों का मुद्दा उठाते हुए सैलजा ने कहा कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने करीब 1.20 लाख संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का वादा किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि अबतक एक भी कर्मचारी को नियमित नहीं किया गया है और सरकार नए आश्वासन देकर उन्हें गुमराह कर रही है।
सैलजा ने सरकार से रिक्त पदों को तत्काल भरने, उनके अनुसार अव्यावहारिक पात्रता और कटऑफ मानदंडों की समीक्षा करने, पारदर्शी और व्यावहारिक भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा सरकारी नौकरियों में हरियाणा के युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
उन्होंने एचकेआरएन कर्मचारियों को नियमित करने का वादा बिना किसी देरी के पूरा करने की भी मांग की।
सिरसा से सांसद ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा के युवाओं के रोजगार, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश