चंडीगढ़, 22 जून (भाषा) कांग्रेस की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर राज्य में खाद की कमी को दूर करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि धान की रोपाई और खरीफ की बुवाई के मौजूदा मौसम में किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राव ने एक बयान में कहा कि हरियाणा में किसान ‘डीएपी’ समेत खाद पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि कई ज़िलों में भंडार या तो खत्म हो गया है या मांग पूरी करने के लिए काफी नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि लंबी लाइनों में इंतज़ार करने के बावजूद किसान खाली हाथ लौट रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान इस बात को लेकर चिंतित हैं कि खाद की नई खेप कब आएगी, लेकिन न तो कृषि विभाग और न ही राज्य सरकार ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी के कारण किसान समुदाय को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
राव ने सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि वह जमीन के रिकॉर्ड की जांच, बायोमेट्रिक प्रमाणन और डिजिटल निगरानी जैसी जटिल प्रक्रियाओं के ज़रिए आपूर्ति प्रणाली में कमी और नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस नेता का कहना था कि इन उपायों से उन किसानों के लिए और मुश्किलें पैदा हो रही हैं जो सीमित मात्रा में उपलब्ध खाद हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के बजाय प्रचार-प्रसार पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर खाद की पर्याप्त उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कदम नहीं उठाए गए, तो किसानों का असंतोष और बढ़ सकता है।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश