अंबाला (हरियाणा), 16 जनवरी (भाषा) हरियाणा के अंबाला के नारायणगढ़ में रविवार को खेत से 37 वर्षीय व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ जो एक दिन पहले लापता हुआ था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शव पर घाव के निशान थे और मौके से धारदार हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान हैप्पी के रूप में की गई है। पुलिस ने कहा कि एक व्यक्ति खेत में घास काटने गया था जिसने हैप्पी के शव को देखा। मृतक की पत्नी ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से कहा था कि हैप्पी की हालत ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, हैप्पी की पत्नी ने बताया कि वह 15 जनवरी को शाम छह बजे मोटरसाइकिल पर घर से निकला था, हालांकि पुलिस को घटनास्थल से कोई मोटरसाइकिल या मृतक का मोबाइल फोन नहीं मिला। पुलिस ने कहा कि शव को पोस्ट मॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया और मामले की जांच जारी है।
भाषा यश नरेश
नरेश