हरियाणा: सोनीपत में कुत्ते के हमले में छह महीने का बच्चा गंभीर रूप से घायल

Ads

हरियाणा: सोनीपत में कुत्ते के हमले में छह महीने का बच्चा गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 11:14 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 11:14 PM IST

सोनीपत, 18 सितंबर (भाषा) हरियाणा के सोनीपत में ‘पिटबुल’ नस्ल के कुत्ते द्वारा किए गए हमले में छह महीने का एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके परिवार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सोमवार को यहां सिक्का कॉलोनी में हुई इस घटना की एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हुई।

वीडियो में ‘पिटबुल’ को बच्चे को गोद में लिए एक महिला पर झपटते देखा जा सकता है। महिला कुत्ते से बचने की कोशिश करती है, लेकिन गिर जाती है और बच्चा उसके पास मुंह के बल गिर जाता है। महिला किसी तरह उठने में कामयाब होती है, लेकिन ‘पिटबुल’ छह महीने के बच्चे को अपने जबड़े में दबाकर सड़क पर घसीटने लगता है।

वीडियो में कई लोग खून से लथपथ बच्चे को कुत्ते के जबड़े से छुड़ाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। आखिर में एक व्यक्ति द्वारा डंडे से कई बार वार किए जाने के बाद कुत्ता बच्चे को छोड़ता है।

शिशु की दादी निर्मला देवी ने पत्रकारों को बताया कि बच्चा अपनी चाची की गोद में था, तभी पड़ोसी के पालतू ‘पिटबुल’ कुत्ते ने हमला कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘कुत्ते ने बच्चे को जमीन पर पटक दिया और उसे अपने जबड़ों में दबाकर घसीटने लगा।’’

निर्मला देवी ने बताया कि उनके पोते के चेहरे और पेट समेत शरीर पर काटने के कई निशान आए हैं और वह रोहतक के पीजीआईएमएस में उपचाराधीन है।

सोनीपत के संबंधित थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें अभी तक परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।’’

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल