ओडिशा: उत्कल विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

Ads

ओडिशा: उत्कल विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 11:21 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 11:21 PM IST

भुवनेश्वर, 18 सितंबर (भाषा) उत्कल विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को जारी दूसरे सेमेस्टर की स्नातक परीक्षा के एक प्रश्नपत्र के कथित तौर पर लीक होने के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक हृषिकेश नायक ने कहा, ‘‘कुछ अपुष्ट स्रोतों से हमें पता चला कि बृहस्पतिवार को हुई सैद्धांतिक परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया। हालांकि, हमें यह नहीं पता कि वास्तव में प्रश्नपत्र लीक हुआ था या नहीं और इसका स्रोत क्या है।’’

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पहले कथित प्रश्नपत्र लीक के स्रोत की पुष्टि करेगा और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करेगा।

नायक ने कहा, ‘‘हमें अपने स्रोतों या उन कॉलेजों से, जहां परीक्षा आयोजित की जा रही है, प्रश्नपत्र लीक होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।’’

उन्होंने बताया कि कथित लीक के स्रोत का पता लगाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने शहीदनगर थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

नायक ने कहा कि सीलबंद प्रश्नपत्र पहले ही संबंधित कॉलेजों को भेज दिए गए थे और परीक्षा शुरू होने से केवल 30 मिनट पहले ही पैकेट खोले गए।

दूसरे सेमेस्टर की स्नातक परीक्षा 12 सितंबर से शुरू हुई है और यह विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 300 कॉलेजों में आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 24 सितंबर को समाप्त होगी।

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल