चंडीगढ़, 11 फरवरी (भाषा) हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने अमेरिका से प्रत्यर्पित कर लाये गये सोमबीर मोटा को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमबीर के संबंध लॉरेंस बिश्नोई-काला जठेड़ी गिरोह से हैं और उसके खिलाफ 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमबीर मोटा कुख्यात गैंगस्टर अनिल छुप्पी का भाई है और मुख्य रूप से हरियाणा के रोहतक, सोनीपत, झज्जर, बहादुरगढ़ और गुरुग्राम के अलावा दिल्ली एवं राजस्थान के कुछ हिस्सों में सक्रिय था।
पुलिस ने बताया कि रोहतक जिले के करोर गांव का निवासी सोमबीर (39) मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सहयोग से चलाए गए एक अभियान में अमेरिका से प्रत्यर्पित किया गया था।
भारत पहुंचने पर उसे विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने हिरासत में ले लिया।
हरियाणा पुलिस के अनुसार, सोमबीर पर हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, डकैती, लूट एवं शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन सहित 26 मामले दर्ज हैं।
हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने 11 फरवरी, 2025 को इंटरपोल के माध्यम से सोमबीर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था।
रोहतक के सांपला में दर्ज एक मामले में 31 मई, 2024 को उसे भगोड़ा घोषित किया गया था।
जांच में पता चला कि सोमबीर तीन जनवरी, 2024 को मुंबई हवाई अड्डे से फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल करके बैंकॉक भाग गया था।
बाद में मामला दर्ज कर एसटीएफ के अनुरोध पर गाजियाबाद के क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने 14 अगस्त, 2024 को उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश