उप्र : गोरखपुर में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद हिंसक झड़प, युवक की मौत

Ads

उप्र : गोरखपुर में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद हिंसक झड़प, युवक की मौत

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 10:38 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 10:38 PM IST

गोरखपुर, 11 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजनपुर गांव में एक शादी समारोह में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना मंगलवार रात की है, जिसमें बालचंद के घर पर एक शादी समारोह में हुई मारपीट में मुनीब चौहान (24) को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, देर रात डीजे के तेज आवाज संगीत को लेकर दो गुटों में बहस हो गई। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसमें मुनीब गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया।

परिवार के सदस्य और गांव वाले उसे पास के एक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई। इलाज के बावजूद, उसकी मौत हो गई, जिससे शादी का जश्न मातम में बदल गया और गांव में तनाव फैल गया।

मृतक की बहन सरोज देवी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी लोगों का पता लगाने के लिए टीमें बनाई गई हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश कुमार ने कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए गांव में और पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा

सं,जफर नोमान रवि कांत