हरियाणा एसटीएफ ने दो महीने के विशेष अभियान के दौरान 145 अपराधियों को गिरफ्तार किया

Ads

हरियाणा एसटीएफ ने दो महीने के विशेष अभियान के दौरान 145 अपराधियों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - March 9, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - March 9, 2026 / 08:43 PM IST

चंडीगढ़, नौ मार्च (भाषा) हरियाणा पुलिस विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत जनवरी और फरवरी के दौरान गिरोह के 71 सदस्यों सहित 145 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि एक बड़े ऑपरेशन में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एसटीएफ ने अंबाला में विस्फोट करने की साजिश को नाकाम कर दिया।

पुलिस के अनुसार, जनवरी में बलदेव नगर पुलिस थाना परिसर के अंदर खड़ी एक कार में विस्फोट करने की योजना बनाई गई थी।

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में लागू की जा रही संगठित अपराध के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति के तहत की गई है।

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारियां संगठित अपराध में शामिल गैंगस्टरों और अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एसटीएफ द्वारा चलाए गए खुफिया-आधारित अभियानों के दौरान की गईं।

दो माह के दौरान एसटीएफ टीमों ने संगठित अपराधों में शामिल 20 अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया और कई महत्वपूर्ण मामले सुलझाये।

एक अन्य मामले में, बल ने मुंबई पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान चलाया और एक फिल्म निर्माता के आवास पर गोलीबारी की घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बाद में आरोपियों को मुंबई पुलिस के जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया।

एसटीएफ ने करनाल में गिरोह के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से विदेशी पिस्तौल और एक बुलेटप्रूफ वाहन बरामद किया।

जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी कथित तौर पर भारत के साथ-साथ अमेरिका में हत्या और जबरन वसूली से संबंधित साजिशों में शामिल थे।

फरवरी में आरएस पुरा बाल सुधार गृह से भागे दो पाकिस्तानी नागरिकों को एसटीएफ ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर जम्मू पुलिस को सौंप दिया था।

आरोपियों ने भागते समय कथित तौर पर सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी की थी।

एक अन्य घटना में, गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर एक शोरूम में गोलीबारी मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो देसी पिस्तौल, मैगजीन और सात कारतूस बरामद किये गये।

पुलिस ने कहा कि इस अवधि में ऑपरेशन के दौरान, एसटीएफ टीमों ने 22 ब्रांडेड पिस्तौल, नौ देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और 65 कारतूस बरामद किए।

इस दौरान चार अलग-अलग मुठभेड़ की घटनाओं में पांच अपराधी भी घायल हो गये।

डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और राज्य में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपने खुफिया नेटवर्क और अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय को मजबूत कर रही है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश